केंद्र सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए देशभर में 85 नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना को मंजूरी दी है। इस सूची में महराजगंज जिले का नाम भी शामिल है। इस फैसले से जिले में शिक्षा व्यवस्था को नए आयाम मिलेंगे। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। महराजगंज में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। पंकज चौधरी ने कहा कि इस नए केंद्रीय विद्यालय से क्षेत्र के छात्रों को आधुनिक और उच्चस्तरीय शिक्षा का लाभ मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार का संकल्प है कि देश के हर कोने में शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं। यह पहल न केवल छात्रों के लिए लाभदायक होगी, बल्कि महराजगंज की शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूत करेगी। नई पीढ़ी को सशक्त बनाने के इस प्रयास से जिले में विकास की नई राहें खुलेंगी।