आज सुबह नेपाल और भारत के कुछ इलाकों में भूकंप के झटकों ने लोगों को हिला कर रख दिया। नेपाल में भूकंप की तीव्रता 7.1 रिक्टर स्केल दर्ज की गई, जिसका केंद्र हिमालय क्षेत्र बताया गया है। इसका असर भारत के बिहार, सिक्किम और पश्चिम बंगाल तक महसूस किया गया।
भूकंप का केंद्र नेपाल के हिमालयी क्षेत्र में था, जो माउंट एवरेस्ट से करीब 90 किलोमीटर उत्तर की ओर स्थित है। इस क्षेत्र में भारी बर्फबारी हो रही है, जिससे जानकारी जुटाने में दिक्कत हो रही है। नेपाल के तापलेजंग और संखुआसभा जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि स्थिति का आकलन किया जा रहा है।
नेपाल में आए भूकंप के झटके भारत के उत्तर बिहार के कई जिलों में भी महसूस किए गए। इनमें सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, मोतिहारी, और राजधानी पटना जैसे इलाके शामिल हैं। बिहार में भूकंप की तीव्रता 5.1 रिक्टर स्केल दर्ज की गई।
सुबह करीब 6:30 बजे, जब लोग सर्दी के कारण घरों में सो रहे थे, झटकों ने उन्हें घरों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया। लोग एक-दूसरे से यह जानने की कोशिश कर रहे थे कि क्या सच में भूकंप आया है। हालांकि, अब तक किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
नेपाल में दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। पहली बार 7.1 तीव्रता का झटका और दूसरी बार 5.7 तीव्रता का झटका आया। हालांकि, भारत में केवल एक बार झटका महसूस किया गया।
नेपाल और भारत दोनों ही जगहों पर स्थानीय प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए हैं। हिमालय क्षेत्र में खराब मौसम के कारण नुकसान का सही आकलन करने में समय लग सकता है।
अबतक की खबरों के मुताबिक, नेपाल और भारत में भूकंप से किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन लोगों को सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की सलाह दे रहा है।